कमालपुर में चोरी और दुकानदार पर हमले की घटनाओं से चिंतित व्यापारियों ने अध्यक्ष भोलेनाथ जायसवाल के नेतृत्व में राज्यसभा सांसद साधना सिंह से मुलाकात की। सांसद ने एसपी चंदौली से फोन पर बात कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिलाया।
कमालपुर। कमालपुर बाजार में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और दुकानदार पर हुए हमले को लेकर व्यापारियों ने अपनी चिंता जताई है। बुधवार को उद्योग व्यापार मंडल कमालपुर के अध्यक्ष भोलेनाथ जायसवाल के नेतृत्व में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने राज्यसभा सांसद श्रीमती साधना सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों की सुरक्षा और कस्बे की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
व्यापारियों ने सांसद को बताया कि कमालपुर कस्बे में चोरी की घटनाओं से व्यापारी वर्ग में भय का माहौल है। मेराज अंसारी, संतोष सब्जी विक्रेता तथा जनौली निवासी मनोज अग्रहरि के यहां हुई चोरी की घटनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके अलावा कमालपुर बाजार से दुकान बंद कर घर जा रहे दुकानदार मारूफ रजा पर हुए हमले का अब तक खुलासा नहीं होने पर व्यापारियों ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए मामलों के शीघ्र खुलासे और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सांसद साधना सिंह ने तत्काल पुलिस अधीक्षक चंदौली से फोन पर वार्ता कर पूरे मामले से अवगत कराया। इस पर पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि सभी मामले उनके संज्ञान में हैं और जल्द ही घटनाओं का पर्दाफाश किया जाएगा।
इस मौके पर हफीजुर्रहमान अंसारी, नवरंग गुप्ता, शंभू अग्रहरि, राजकुमार गुप्ता पप्पू, शिवजी वर्मा, मिथिलेश जायसवाल, विकास मोदनवाल, घनश्याम जायसवाल, बबलू जायसवाल सहित कई व्यापारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।