चंदौली। कंदवा क्षेत्र के असना गांव स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। माता के दर्शन-पूजन कर भक्तगण निहाल हो रहे हैं। मंदिर परिसर में प्रतिदिन भजन-कीर्तन का आयोजन हो रहा है तथा संध्या काल में सुंदरकांड का पाठ किया जा रहा है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

गांव के पूरब असना-ओयरचक मार्ग पर स्थित इस ऐतिहासिक मंदिर की स्थापना के पीछे लगभग 150 वर्ष पुराना एक रोचक इतिहास जुड़ा हुआ है। ग्रामीण धर्मेंद्र सिंह, सतीश सिंह, पिंटू उपाध्याय, दीनानाथ गोंड, शिवदास बिंद, भरत खरवार, सुदर्शन शर्मा, गोपाल उपाध्याय, कृष्णानंद गुप्ता और राजेंद्र सहित अन्य बुजुर्गों व ग्रामीणों ने बताया कि लगभग डेढ़ सौ वर्ष पूर्व गांव में चेचक का भयंकर प्रकोप फैला था। उस दौर में आसपास कोई अस्पताल न होने के कारण लोग काफी परेशान थे।

दर्शनिया दीपचंद साव ने कराया था निर्माण
ग्रामीणों के अनुसार, उस समय गांव के दर्शनिया दीपचंद साव भी चेचक की चपेट में आ गए थे। माता को प्रसन्न करने और गांव को इस महामारी से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से उन्होंने एक छोटे से मंदिर का निर्माण कराया। मान्यता है कि मां शीतला की कृपा से धीरे-धीरे गांव में चेचक का प्रकोप समाप्त हो गया।

कुछ वर्ष पूर्व गांव के युवाओं ने मिलकर इस छोटे से मंदिर का जीर्णोद्धार कराकर इसे भव्य रूप प्रदान किया। अब प्रतिवर्ष शारदीय और चैत्र नवरात्रि के दौरान यहाँ नौ दिनों तक विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं। मंदिर में असना के साथ-साथ आसपास के कई गांवों से रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं।