धीना। कंदवा थाना क्षेत्र के कंदवा बाजार स्थित एक निजी चिकित्सालय में प्रसव के दौरान 21 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान अदसड़ गांव निवासी रिंकी देवी, पत्नी दीपक कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं ग्रामीणों में भी आक्रोश व्याप्त है।

परिजनों के मुताबिक रविवार की सुबह रिंकी देवी को प्रसव के लिए कंदवा बाजार स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत खराब होने पर चिकित्सक द्वारा खून चढ़ाया गया। आरोप है कि देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सक ने उन्हें दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया।

परिजन आनन-फानन में रिंकी देवी को लेकर दूसरे अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद बताया कि उनकी मौत करीब दो घंटे पहले ही हो चुकी थी।

इसके बाद परिजन शव लेकर कंदवा स्थित निजी चिकित्सालय पहुंचे तो वहां ताला बंद मिला। परिजनों का आरोप है कि संबंधित चिकित्सक अस्पताल बंद कर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर कंदवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।

वहीं, घटना से आक्रोशित मृतका के परिजन और ग्रामीण लामबंद हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है।