चंदौली। शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने रविवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने काले शाह बाबा मजार के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध ट्रक से लकड़ी के बुरादे की आड़ में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही विभिन्न ब्रांडों की 1185 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
रविवार को मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने बताया कि सैयदराजा थाना प्रभारी अशोक कुमार मिश्रा और स्वाट टीम प्रभारी रामजन्म यादव के नेतृत्व में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चंदौली की ओर से शराब से लदा एक संदिग्ध ट्रक बिहार की तरफ जा रहा है। टीम ने काले शाह बाबा मजार के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे दबोच लिया।
​
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शेरा राम उर्फ सुरेश कुमार निवासी टाकुबेरी, थाना सिंधारी, जिला बाड़मेर, राजस्थान के रूप में हुई। जब ट्रक की सघन तलाशी ली गई तो पीछे पीली प्लास्टिक की बोरियों में लकड़ी का बुरादा भरा मिला। बुरादे की बोरियां हटाने पर नीचे छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांडों की कुल 1185 पेटियां अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुईं। पुलिस ने शराब व ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम व संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इस कामयाबी को हासिल करने वाली टीम में सैयदराजा पुलिस व स्वाट/सर्विलांस टीम के बलवीर सिंह, रतन कुमार, शंकर राम, अंकित कुमार सिंह, राजू सिंह, राजेश यादव, रामप्रवेश तिवारी, आशीष मिश्रा, अरविंद भारद्वाज, आनंद सिंह, राणा प्रताप सिंह, रामानंद यादव, आशुतोष सिंह, सतीश पटेल, दीपक मिश्रा, आदित्य पांडेय, प्रेम प्रकाश यादव, नीरज कुमार तिवारी, अजीत कुमार सिंह, अमित सिंह, महेश यादव, गणेश तिवारी, मनोज यादव और संदीप कुमार शामिल रहे।