सकलडीहा में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबरों और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के बाद जागरूकता रैली निकाली गई।
सकलडीहा। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत सकलडीहा इंटर कॉलेज और सकलडीहा पीजी कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला शक्ति नोडल अधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी के नेतृत्व में छात्राओं को सुरक्षा उपायों, कानूनी अधिकारों और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में खासतौर पर 12वीं की छात्राओं को पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, स्वावलंबी रहने और गरिमापूर्ण जीवन जीने के अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
साइबर ठगी से बचने के बताए उपाय
कार्यक्रम में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया से जुड़े खतरों और ‘डिजिटल अरेस्ट’ के मामलों को लेकर छात्राओं को सतर्क किया गया। पुलिस टीम ने सलाह दी कि वे अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें और किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
रैली निकालकर किया जागरूक
जागरूकता कार्यक्रम के बाद छात्राओं और पुलिस टीम ने जन जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से आमजन और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान पंपलेट वितरित कर महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में सकलडीहा थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद, मिशन शक्ति प्रभारी लक्ष्मीकांत मिश्रा, महिला कांस्टेबल नेहा, महिला कांस्टेबल रीमा यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।