धानापुर। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को जनपद, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाने के उद्देश्य से युवा कल्याण विभाग द्वारा विधानसभा स्तरीय मा० विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी आठ खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

विधानसभा सैयदराजा में 19, 20 और 26 नवंबर को प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके तहत 19 नवंबर को अमरवीर इंटर कॉलेज में एथलेटिक्स प्रतियोगिता होगी। 20 नवंबर को फुटबॉल, जूडो, कुश्ती एवं भारोत्तोलन की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, 26 नवंबर को नेशनल इंटर कॉलेज, सैयदराजा में कबड्डी, वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।

इसी क्रम में विधानसभा सकलडीहा में 21, 22 एवं 23 नवंबर  को चहनियां स्थित मां खंडवारी देवी डिग्री/इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर सभी आठ खेल विधाओं-एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, कबड्डी, कुश्ती, भारोत्तोलन, बैडमिंटन, फुटबॉल एवं जूडो की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

प्रतियोगिताओं में सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं तथा महिला-पुरुष खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे। खिलाड़ियों को इनमें से किसी एक आयु वर्ग में ही प्रतिभाग करने की अनुमति होगी। साथ ही प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए आधार कार्ड की छायाप्रति लाना अनिवार्य किया गया है।

आयोजकों के अनुसार, खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतियोगिता में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

युवा कल्याण विभाग ने विधानसभा सैयदराजा एवं सकलडीहा के इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचकर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की अपील की है। पंजीकरण एवं अन्य जानकारी के लिए सैयदराजा विधानसभा के प्रभारी रजनीश कुमार पाण्डेय (क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, विकासखंड सकलडीहा) के मोबाइल नंबर 8869995104 तथा सकलडीहा विधानसभा के प्रभारी अनिश सिंह (क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, विकासखंड चहनियां) के मोबाइल नंबर 8299036346 पर संपर्क किया जा सकता है।