चहनिया के सिंगहा गांव की नगमा खातून ने 70वीं प्रदेशीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हाईजम्प में प्रथम स्थान हासिल किया। अब 22 नवंबर को छत्तीसगढ़ में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।
चंदाैली। खंडवारी देवी इंटर कॉलेज की कक्षा 11 की छात्रा नगमा खातून ने 70वीं प्रदेशीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए हाईजम्प स्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ ही नगमा का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उसकी सफलता से विद्यालय परिवार, परिजनों और ग्रामीणों में खुशी की लहर है।
चहनिया कस्बे के समीप सिंगहा गांव निवासी निजामुद्दीन की पुत्री नगमा खातून खंडवारी देवी इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा है। उसने प्रयागराज स्थित मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में 30 अक्टूबर से 3 नवंबर तक आयोजित 70वीं प्रदेशीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हाईजम्प स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि नगमा ने विद्यालय के कोच सोनू यादव के मार्गदर्शन में यह शानदार उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर उसने विद्यालय के साथ ही चंदौली जनपद का नाम रोशन किया है। अब वह आगामी 22 नवंबर को छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।
प्रधानाचार्य ने बताया कि नगमा को जल्द ही विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, विद्यालय के संस्थापक एवं पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह ने भी छात्रा को विशेष उपहार देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के खिलाड़ी पूर्व में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर संस्थान का गौरव बढ़ा चुके हैं।