चंदौली। नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित भव्य एयर शो को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पड़ाव स्थित एसटीएमआर जयपुरिया स्कूल में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और सेक्टर जोनल मजिस्ट्रेटों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में रूट मैप, पार्किंग स्थलों, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण, जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एयर शो देखने आने वाले लोगों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, सुगम यातायात और दर्शकों की सुविधाओं की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। डुमरी, सुजाबाद, कटेसर, बहादुरपुर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा, पार्किंग और यातायात प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

राजघाट और सामने घाट पुल से वाराणसी जाने पर प्रतिबंध
एयर शो के दौरान राजघाट पुल और सामने घाट पुल से वाराणसी की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। चंदौली जिले के मुगलसराय और अलीनगर थाना क्षेत्रों से आने वाले वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे इन दोनों पुलों का इस्तेमाल कर वाराणसी जाने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
यातायात प्रतिबंध निर्धारित तिथियों में सुबह आठ बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक लागू रहेंगे। प्रशासन ने वाहन चालकों से यातायात पुलिस के निर्देशों और मार्गों पर लगाए गए संकेतकों का पालन करने की अपील की है।

दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग
एयर शो देखने आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए गंगा नदी रिंग रोड पुल के मवई शिवाला अंडरपास से बहादुरपुर रोड की ओर जाने का मार्ग निर्धारित किया गया है। वाहन चालक बहादुरपुर रोड स्थित निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही अपने वाहन खड़े करेंगे।

वहीं, बिहार, चंदौली और अन्य जनपदों से आने वाले चारपहिया वाहन रिंग रोड से पंचपेड़वा पहुंचेंगे। वहां से अलीनगर होते हुए मुगलसराय की ओर निर्धारित मार्ग से पड़ाव क्षेत्र में पहुंचकर आवंटित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करेंगे।

चारपहिया वाहनों के लिए एफसीआई गोदाम, सनबीम स्कूल ग्राउंड और एसआरएन स्कूल के पीछे स्थित मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दोपहिया वाहनों के लिए एम्बिशन, एप्को ऑफिस और एप्को ग्राउंड को पार्किंग स्थल के रूप में निर्धारित किया गया है। वाहन चालकों को मुख्य मार्ग, सड़क या प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी गई है।

पड़ाव की पार्किंग भरने पर लंका मैदान में खड़े होंगे वाहन
पड़ाव क्षेत्र में निर्धारित पार्किंग स्थल भर जाने की स्थिति में बाहर से आने वाले चारपहिया वाहनों को रामनगर स्थित लंका मैदान पार्किंग की ओर भेजा जाएगा। वाहन चालकों को यातायात पुलिस के निर्देशानुसार निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। पार्किंग की उपलब्धता और यातायात की स्थिति के अनुसार पुलिस आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगी।

एयर शो में शामिल नहीं होने वाले वाहन NH-19 और रिंग रोड से गुजरें
वाराणसी के बाबतपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर और अन्य जनपदों की ओर जाने वाले ऐसे वाहन, जिन्हें एयर शो में शामिल नहीं होना है, वे राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) और रिंग रोड का इस्तेमाल कर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। ऐसे वाहन चालकों से पड़ाव क्षेत्र और प्रतिबंधित पुलों की ओर जाने से बचने की अपील की गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी वाहन चालक निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें। पार्किंग भरने पर यातायात पुलिस के निर्देशानुसार वैकल्पिक स्थल पर जाएं। मार्गों पर लगे बैरियर, संकेतकों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। साथ ही, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहनों और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए निर्बाध रास्ता सुनिश्चित करने में सहयोग करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, यातायात प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।