चहनिया। राष्ट्रीय नदी गंगा उत्सव के अवसर पर मंगलवार को चहनिया क्षेत्र के बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा घाट पर गंगा संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को मां गंगा की निर्मलता, अविरलता और स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक करते हुए गंगा संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।

उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष 4 नवंबर को राष्ट्रीय नदी गंगा उत्सव मनाया जाता है। वर्ष 2008 में इसी दिन भारत सरकार ने गंगा को राष्ट्रीय नदी घोषित किया था। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों से होते हुए पश्चिम वाहिनी गंगा घाट पहुंची, जहां सभा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता अरविंद पाण्डेय ने कहा कि गंगा भारतीय संस्कृति, सभ्यता, आस्था और जीवन का आधार हैं। गंगा को स्वच्छ रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपील की कि गंगा में कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक, पूजन सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट न डालें और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें।

जिला परियोजना अधिकारी दर्शन निषाद ने कहा कि चंदौली जनपद के बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा घाट का धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व है। गंगा की स्वच्छता और संरक्षण के लिए स्थानीय नागरिकों, युवाओं तथा सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान बाल्मीकि इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों ने जनजागरूकता अभियान में भाग लिया और गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने की शपथ ली। वहीं लोकगीतों के माध्यम से बिरहा कलाकार राजेश पाण्डेय और प्रभु निषाद ने गंगा संरक्षण का संदेश दिया।

गंगा सेवा समिति बलुआ की ओर से भी गंगा संरक्षण, घाट की स्वच्छता और जनजागरूकता के प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का संचालन समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने किया।

इस अवसर पर अंकित जायसवाल, राजेश सोनकर, राज साहनी, मनोज साहनी, विनय रस्तोगी, राजेश साहनी, बृजेश साहनी, धीरज मोदनवाल, जुगनू पासवान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।