चंदौली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत तैनात संविदा कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को बरहनी प्राथमिक/सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेंद्र कुमार को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपते हुए संविदा कर्मियों ने बताया कि वे विगत 15 से 18 वर्षों से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ के रूप में निरंतर सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उनकी जायज मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे क्षुब्ध होकर वे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य हैं।
       कर्मियों ने बताया कि आंदोलन के प्रथम चरण में 5, 6 और 7 तारीख को काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया गया था। वहीं अब आंदोलन के अगले चरण के तहत 10 अक्टूबर तक समस्त एनएचएम संविदा कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर जनपद मुख्यालय पर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
      संविदा कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि के भीतर उनकी मांगों के संबंध में शासन-प्रशासन द्वारा कोई सकारात्मक कार्यवाही या सार्थक वार्ता नहीं की जाती है, तो 12 अक्टूबर से प्रदेश भर के समस्त जनपदों के संविदा कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे।
     इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में डॉ. पंकज सिंह, डॉ. एस.पी. त्यागी, तेज प्रताप भारती, पूजा सहित अन्य संविदा स्वास्थ्य कर्मी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।