ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत प्रभावी पैरवी और साक्ष्य संकलन के फलस्वरूप चंदौली न्यायालय ने मुगलसराय थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में अभियुक्त रियाज खान उर्फ राजू को 2 वर्ष 3 माह के कठोर कारावास और 2,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
चंदौली। ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत प्रभावी पैरवी, वैज्ञानिक विवेचना एवं साक्ष्य संकलन के फलस्वरूप एनडीपीएस एक्ट के एक आरोपी को न्यायालय ने दोषसिद्ध करते हुए कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अपर सत्र न्यायाधीश (एएसजे) कक्ष संख्या-प्रथम, चंदौली ने मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को अभियुक्त को 2 वर्ष 3 माह के कठोर कारावास और 2,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मुगलसराय पर पंजीकृत मु0अ0सं0-277/20, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के मामले में अभियुक्त रियाज खान उर्फ राजू पुत्र स्वर्गीय मुबारक खान, निवासी प्लाट नंबर-31, भद्दरहट्टा वार्ड, ईदगाह, रामनगर, जनपद वाराणसी को न्यायालय ने दोषसिद्ध किया है।
न्यायालय ने अभियुक्त को 2 वर्ष 3 माह के कठोर कारावास की सजा सुनाने के साथ ही 2,000 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड अदा नहीं करने पर अभियुक्त को एक माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
प्रभावी पैरवी से मिली सजा
अभियुक्त को सजा दिलाने में मॉनिटरिंग सेल, अभियोजन अधिकारी संजय कुमार त्रिपाठी (एडीजीसी) तथा थाना मुगलसराय के हेड कांस्टेबल अश्वनी राय (पैरोकार) की प्रभावी पैरवी सराहनीय रही। पुलिस की ओर से वैज्ञानिक विवेचना एवं साक्ष्यों के प्रभावी संकलन के आधार पर मामले में न्यायालय से दोषसिद्धि सुनिश्चित हुई।