सकलडीहा। हिंदू युवा वाहिनी के स्वर्गीय मनीष श्रीवास्तव की स्मृति में त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन और आर.जे. शंकरा आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को पदुमनाथपुर पंचायत भवन पर निःशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों, महिलाओं और पुरुषों ने पहुंचकर आंखों की जांच कराई। कुल 85 लोगों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 18 मरीजों को ऑपरेशन के लिए उपयुक्त पाया गया। चयनित मरीजों को वाहन से अस्पताल ले जाया गया।

शिविर में मुख्य अतिथि एवं वाराणसी विकास प्राधिकरण बोर्ड के सदस्य अम्बरीश सिंह भोला के नेतृत्व में नेत्र विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की आंखों की जांच की। इस दौरान मरीजों को नेत्र संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक करने के साथ ही उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम संयोजक अम्बरीश सिंह भोला ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से गत 15 सितंबर से यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सकलडीहा और चहनियां ब्लॉक को मोतियाबिंद मुक्त बनाना है। इसके लिए विकासखंड की सभी न्याय पंचायतों में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर जांच और उपचार की सुविधा मिल सके।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अगला शिविर आगामी 27 अक्टूबर को मधुबन बहोरिकपुर ग्राम सचिवालय में सुबह 10 बजे से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रीय लोगों से शिविर में पहुंचकर नेत्र जांच कराने की अपील की।

इस मौके पर मंडल अध्यक्ष जेपी चौहान, देवेंद्र दत्त पांडेय, रामदयाल यादव रिंकू, राकेश सिंह, अतुल सिंह रघुवंशी, राणा प्रताप सिंह, ललित विश्वकर्मा, राहुल कश्यप, अमित जायसवाल, अजय चौहान, अजय राय, संतोष खरवार, आलोक सिंह और सत्यम यादव सहित अन्य कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।