असुरक्षित पाए जाने पर 'राजेश मिक्स सब्जी मसाला' के विशेष बैच की बिक्री पर पूरे प्रदेश में बैन लगा दिया गया है। वहीं चंदौली में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 'साईं नमकीन इंडस्ट्रीज' पर छापा मारकर नोटिस जारी किया है।
चंदौली। खाद्य
सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले खाद्य उत्पादकों और मिलावटखोरों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश शासन के आदेश पर एक चर्चित ब्रांड के सब्जी मसाले के विशेष बैच की बिक्री पर पूरे प्रदेश में रोक लगा दी गई है। वहीं दूसरी ओर, चंदौली जिले में विभागीय टीम ने औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक नमकीन फैक्ट्री में छापेमारी कर कार्रवाई की है।
'राजेश मिक्स मसाला' का विशेष बैच निकला असुरक्षित
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (लखनऊ) के आदेशानुसार, अमेठी स्थित विनिर्माता 'राजेश फूड्स एंड कंज्यूमर्स प्रा० लि०' (रायपुर फुलवारी, गौरीगंज रोड, अमेठी) द्वारा निर्मित 'राजेश ब्रांड मिक्स मसाला पाउडर (सब्जी मसाला)' के बैच/लॉट नंबर 03 का नमूना पूर्व में कुशीनगर जिले से संगृहीत किया गया था। प्रयोगशाला जांच में यह नमूना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक और मानव उपभोग हेतु 'असुरक्षित' पाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश सरकार ने इस संबंधित बैच/लॉट के मसाले की पूरे उत्तर प्रदेश में बिक्री पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही, संबंधित निर्माता कंपनी को बाजार से इस असुरक्षित बैच के सभी पैकेट वापस (रिकॉल) लेने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
चंदौली में 'साईं नमकीन इंडस्ट्रीज' पर छापा, नोटिस जारी
इसी क्रम में चंदौली जिले में भी मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.एन. त्रिपाठी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 स्थित 'साईं नमकीन इंडस्ट्रीज' पर अचानक छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद सिंह ने नमकीन निर्माण प्रक्रिया और साफ-सफाई का गहन निरीक्षण किया। मौके पर भारी कमियां और अनियमितताएं पाए जाने पर विभाग ने फैक्ट्री संचालक को सुधार नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही, गुणवत्ता की जांच के लिए नमकीन के दो अलग-अलग नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लैब रिपोर्ट आने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।