मुगलसराय के मानसरोवर तालाब के पास पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान की 6वीं पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ। पासवान समाज और स्थानीय लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
चंदौली। मुगलसराय मानसरोवर तालाब के समीप बृहस्पतिवार को भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के संस्थापक स्वर्गीय रामविलास पासवान की 6वीं पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पासवान समाज सहित बड़ी संख्या में उपस्थित स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य लोगों ने स्व. रामविलास पासवान के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
सड़क से संसद तक लड़ा शोषितों का हक
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्वर्गीय रामविलास पासवान के बहुआयामी व्यक्तित्व और उनके पांच दशक से अधिक लंबे स्वर्णिम राजनीतिक सफर को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि स्व. पासवान ने अपने पूरे जीवनकाल में शोषितों, पीड़ितों, दलितों और वंचितों के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर संसद तक निर्भीक होकर संघर्ष किया।
'एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड' जैसी ऐतिहासिक योजनाओं के जनक
वक्ताओं ने उनके द्वारा देश और समाज के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 1983 में 'दलित सेना' और वर्ष 2000 में 'लोक जनशक्ति पार्टी' का गठन कर दबे-कुचले वर्ग को एक मजबूत राजनीतिक मंच प्रदान किया।
रेल मंत्री के रूप में उनके विकास कार्यों को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री रहते हुए उन्होंने 'एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड' जैसी दूरगामी योजना लागू की, जिसका सीधा लाभ आज देश के करोड़ों गरीबों और प्रवासी मजदूरों को मिल रहा है। वे देश के छह अलग-अलग प्रधानमंत्रियों की कैबिनेट में मंत्री रहे। समाज में उनके अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें मरणोपरांत देश के प्रतिष्ठित 'पद्म भूषण' सम्मान से भी नवाजा गया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन वंशराज पासवान एवं पूर्व प्रधान अरविंद पासवान द्वारा किया गया, जबकि उमेश पासवान, लक्ष्मण पासवान एवं शिवपूजन पासवान ने संरक्षक की भूमिका निभाई।
इस अवसर पर मुख्य रूप से बंसराज पासवान, चंद्रशेखर कुमार, लक्ष्मण पासवान, शिवपूजन पासवान, उमेश पासवान, विजय पासवान, एडवोकेट संतोष रोशन पासवान, पूर्व प्रधान अरविंद पासवान, राजन पासवान, ओमप्रकाश पासवान, महेंद्र पासवान, दिलीप पासवान, संजय पासवान, जैकी, शशिरंजन पासवान, नीरज पासवान, मुलायम पासवान, राजेश रंजन, अनिल बाबा, संजय कुमार मौर्य, अरुण कुमार मौर्य, अवधेश नारायण, दिलीप कुमार पटेल सहित भारी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।