चंदौली के रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 240 से अधिक श्रमिकों की जांच कर दवाएं बांटी गईं और श्रम योजनाओं की जानकारी दी गई।
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत बृहस्पतिवार को श्रम विभाग द्वारा रामनगर औद्योगिक क्षेत्र (फेज-2) स्थित प्रशासनिक भवन में एक दिवसीय 'श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर' का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर का औपचारिक उद्घाटन रामनगर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य द्वारा किया गया।
श्रमिकों का स्वास्थ्य और सम्मान सर्वोपरि: देव भट्टाचार्य
शिविर का उद्घाटन करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य ने कहाकि औद्योगिक क्षेत्र में रात-दिन पसीना बहाने वाले श्रमिकों के बेहतर स्वास्थ्य और उनके सम्मान के लिए इस प्रकार के वृहद शिविर का आयोजन एक अत्यंत सराहनीय व अनूठी पहल है। प्रदेश सरकार श्रमिकों के सर्वांगीण कल्याण, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर संकल्पित होकर कार्य कर रही है।"
240 से अधिक श्रमिकों का हुआ परीक्षण, बांटी गईं दवाएं
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग से आई विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न कारखानों, मिलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत 240 से अधिक श्रमिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के उपरांत जरूरतमंद श्रमिकों को आवश्यक दवाएं भी मुफ्त वितरित की गईं।
नये लेबर कोड और सरकारी योजनाओं से कराया अवगत
स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ शिविर में श्रमिकों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। श्रम विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित श्रमिकों और सेवायोजकों को नए श्रम कोड बिल, ई-श्रम पोर्टल पर पंजीयन के फायदे तथा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना की बारीकियाँ विस्तार से समझाईं।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी (पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर) पंकज कुमार सिंह के कुशल संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में सहायक निदेशक (कारखाना, वाराणसी), श्रम प्रवर्तन अधिकारी नवदीप श्रीवास्तव, चंद्र प्रकाश, स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम, औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न सेवायोजक, 'मानव संसाधन एवं महिला कल्याण' संस्था के सदस्य तथा भारी संख्या में क्षेत्र के श्रमिक भाई-बहन उपस्थित रहे।