सैयदराजा-जमानियां नेशनल हाईवे पर मंगलवार देर शाम दो अलग-अलग सड़क हादसों में बाबूलाल विश्वकर्मा और गिरिजा यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के सिर में चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
बरहनी। सैयदराजा-जमानियां नेशनल हाईवे पर मंगलवार देर शाम दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के सिर में गंभीर चोट आई है। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पहली घटना बरहनी चौराहे से कुछ दूरी पर हुई। जानकारी के अनुसार, घोसवां गांव निवासी बाबूलाल विश्वकर्मा (45) बाइक पर बैठकर अपने गांव जा रहे थे। बाइक संतोष चला रहा था। इसी दौरान बाबूलाल अचानक बाइक से नीचे गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही रामपुर चौकी प्रभारी विजय राय पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल बाबूलाल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दूसरी घटना सैयदराजा-जमानियां मार्ग पर जेवरियाबाद के पास हुई। जेवरियाबाद निवासी गिरिजा यादव (55) साइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गिरिजा यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें भी जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इस संबंध में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी के चिकित्सक आशाराम ने बताया कि दोनों घायलों के सिर में गंभीर चोट आई थी। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है।