टिमिलपुर अभेद आश्रम में संत चंद्रशेखर साधु जी महाराज ने नवरात्रि पर नौ कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर नारी शक्ति और सम्मान का संदेश दिया।
सकलडीहा। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर सकलडीहा के टिमिलपुर अभेद आश्रम में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। संत श्री चंद्रशेखर साधु जी महाराज के सानिध्य में आरती, पूजन और हवन के बाद नौ कन्याओं का विधि-विधान से पूजन संपन्न हुआ। इस दौरान कन्याओं को माता दुर्गा का स्वरूप मानकर उनकी आराधना की गई।
नवरात्रि के इस पवित्र अवसर पर संत चंद्रशेखर साधु जी महाराज ने कन्या पूजन के माध्यम से समाज को नारी सम्मान, श्रद्धा और भक्ति का गहरा संदेश दिया। सनातन संस्कृति में कन्या पूजन को अत्यंत महत्वपूर्ण परंपरा माना जाता है, जो नारी शक्ति के प्रति आदर और सेवा भाव की प्रेरणा देती है। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मां दुर्गा से क्षेत्र और देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि व कल्याण के लिए प्रार्थना की गई।
भक्तिमय रहा माहौल, हुआ प्रसाद वितरण
कन्या पूजन के बाद दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने आश्रम में प्रसाद ग्रहण किया। शाम के समय आयोजित भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस कार्यक्रम में कमला प्रसाद, सुभाष चौहान, जीता सिंह, अनिमेष श्रीवास्तव, माला देवी, अमित कुमार, अजीत कुमार, रूबी देवी, जयप्रकाश, विपिन चौधरी, संजय सिंह, संजय कुमार, सरवन चौहान सहित बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।