विश्व शिक्षक दिवस पर सकलडीहा के प्राथमिक विद्यालय अहिकौरा में सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। पत्रकार व सामाजिक कार्यकर्ता अमित मौर्य ने शिक्षकों को कलम एवं माला पहनाकर सम्मानित किया और समाज निर्माण में उनके योगदान की सराहना की।
सकलडीहा। तहसील क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय अहिकौरा के प्रांगण में सोमवार को
'विश्व शिक्षक दिवस' के अवसर पर एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान
सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकार अमित मौर्य ने विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को माला पहनाकर और कलम भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए अमित मौर्य ने कहा कि विश्व शिक्षक दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य दुनियाभर में शिक्षकों के अमूल्य योगदान, समर्पण और समाज निर्माण में उनकी निष्ठा को सम्मान देना है। उन्होंने इस दिन के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 5 अक्टूबर 1966 को हुई एक विशेष अंतर-सरकारी बैठक में शिक्षकों के अधिकारों, अंतर्राष्ट्रीय मानकों और जिम्मेदारियों को तय किया गया था, जिसकी याद में हर साल यह दिवस मनाया जाता है।
उन्होंने आगे कहा कि शिक्षक बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही प्रदान नहीं करते, बल्कि उनमें तार्किक सोच, रचनात्मकता और समस्याओं को हल करने की क्षमता भी विकसित करते हैं। सही समय पर शिक्षकों द्वारा दिया गया मार्गदर्शन और प्रोत्साहन किसी भी बच्चे का आत्मविश्वास बढ़ाकर उसके भविष्य की दिशा बदल सकता है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक वीरेंद्र कुमार, कालिंदी सिंह, ऋषिकेश, सविता देवी, भगवती, रीमा समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मी उपस्थित रहे।