सकलडीहा। विकास के दावों के बीच सकलडीहा की अंबेडकर बस्ती में जलभराव और गंदगी की समस्या लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। स्थानीय लोगों द्वारा भेजी गई तस्वीरों में बस्ती के मुख्य रास्ते कीचड़, मलबे और गंदे पानी से भरे नजर आ रहे हैं। स्थिति ऐसी है कि लोगों को रोजमर्रा के कामकाज के लिए भी इन रास्तों से गुजरने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नालियों की समुचित व्यवस्था नहीं होने और सड़कों की मरम्मत न कराए जाने से घरों का गंदा पानी रास्तों पर जमा हो रहा है। संकरे रास्तों के दोनों ओर पक्के मकान होने के कारण पानी की निकासी का उचित रास्ता नहीं है। लंबे समय से जमा काले और बदबूदार पानी में काई जम गई है, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है।

मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से बीमारी का खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से जलभराव बने रहने के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें प्रतिदिन कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों के मुताबिक, रास्तों पर फिसलन के कारण कई बार बच्चे चोटिल भी हो चुके हैं।

शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस्ती में जलनिकासी की समस्या को लेकर ग्राम प्रधान से लेकर संबंधित अधिकारियों तक कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें बार-बार आश्वासन तो मिला, लेकिन धरातल पर समस्या दूर करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।

पक्की नाली निर्माण की मांग
बस्ती के लोगों ने जिलाधिकारी चंदौली से समस्या का संज्ञान लेकर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पक्की नाली का निर्माण कराकर जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए और रास्तों की मरम्मत कराई जाए, ताकि जलभराव तथा गंदगी से मुक्ति मिल सके। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या के समाधान के लिए कब तक ठोस कदम उठाते हैं।