सकलडीहा विकास खंड परिसर में 17 अक्टूबर को होगा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन, 45 जोड़ों का कराया जाएगा विवाह।
सकलडीहा। स्थानीय विकास खंड परिसर में आगामी 17 अक्टूबर को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर खंड विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह और एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय के नेतृत्व में तैयारियां जोरों पर हैं।इस सामूहिक विवाह समारोह के दौरान कुल 45 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा। आयोजन को लेकर विभाग की ओर से आवश्यक सामग्री जुटाने और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
योजना के तहत मिलने वाली सहायता
शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रत्येक कन्या के बैंक खाते में 75 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए जाते हैं। इसके साथ ही 10 हजार रुपये के उपहार और कपड़े दिए जाते हैं, जबकि प्रति जोड़ा 15 हजार रुपये का खर्च विवाह आयोजन पर विभाग द्वारा वहन किया जाता है।
बीडीओ विजय कुमार सिंह ने बताया कि सभी पात्र लाभार्थियों के सत्यापन का कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा करा लिया गया है। 17 अक्टूबर को निर्धारित समय पर ब्लॉक परिसर में विवाह समारोह का आयोजन होगा।
इस दौरान तैयारियों में जुटे अधिकारियों में एडीओ समाज कल्याण जगदीश यादव, अनिल सिंह, सचिव पवन दूबे, प्रिया मौर्या, शशिकांत भारती, अरविंद गौतम और संजय यादव सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।