चंदौली के सकलडीहा सर्किल में शारदीय नवरात्र पर 86 जगहों पर होगी मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना। सुरक्षा और साफ-सफाई के कड़े निर्देश।
सकलडीहा। क्षेत्र में शारदीय नवरात्र को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल है। सकलडीहा सर्किल के चार थानों के अंतर्गत इस बार कुल 86 स्थानों पर मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा दो स्थानों पर प्राचीन मंदिरों में स्थापित मूर्तियों की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम को लेकर क्षेत्राधिकारी (CO) कृष्ण मुरारी शर्मा ने सभी संबंधित थाना प्रभारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
मीट-मछली की दुकानों पर रहेगी पाबंदी
त्योहार के दौरान शांति और पवित्रता बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सीओ ने स्पष्ट किया है कि सभी पूजा पंडालों और मंदिरों के आसपास मीट, मछली और चिकन की दुकानों के संचालन पर पूरी पाबंदी रहेगी।
सकलडीहा, बलुआ, धानापुर और धीना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में दुर्गा पूजा समितियों द्वारा पंडालों को अंतिम रूप देने और मूर्तियों की स्थापना की तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
थानावार प्रतिमा स्थापना के आंकड़े:
सकलडीहा कोतवाली: कुल 27 स्थान (इनमें टिमिलपुर और नागेपुर स्थित दुर्गा मंदिरों की मूर्तियां शामिल हैं)।
धानापुर थाना: 29 गांव/स्थान।
बलुआ थाना: 17 स्थान।
धीना थाना: 13 स्थान।
विसर्जन स्थलों की सफाई के निर्देश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मूर्ति स्थापना से लेकर विसर्जन के अंतिम चरण तक पुलिस विभाग पूरी चौकसी बरतेगा। सुरक्षा के साथ-साथ मूर्ति विसर्जन के लिए चिन्हित सभी सरोवरों और तालाबों की साफ-सफाई समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।