चुनाव आयोग की कार्यशैली के विरोध में भाकपा-माले और किसान सभा ने सकलडीहा में जोरदार जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने "मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो" के नारे लगाते हुए लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी।
सकलडीहा। चुनाव आयोग की कार्यशैली के विरोध में शनिवार को भाकपा-माले और अखिल भारतीय किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने सकलडीहा में जोरदार प्रदर्शन किया। किसान सभा के जिलाध्यक्ष श्रवण कुशवाहा के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने सकलडीहा मुख्य बाजार में
"मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो" के गगनभेदी नारों के साथ विरोध जुलूस निकाला।
यह जुलूस मुख्य बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से गुजरते हुए अंबेडकर स्थल तिराहे पर पहुंचा, जहां बाबा साहेब की प्रतिमा के समक्ष यह एक जनसभा में तब्दील हो गया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान में चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है और सत्ताधारी दल के इशारे पर लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में जानबूझकर धांधली की जा रही है, जिससे गरीब, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों को उनके मताधिकार से वंचित किया जा सके। वक्ताओं ने इसे बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला करार दिया।
भाकपा-माले नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक चुनाव आयोग पूरी तरह स्वतंत्र और निष्पक्ष होकर काम नहीं करेगा, तब तक यह आंदोलन पूरे उत्तर प्रदेश में इसी तरह जारी रहेगा। कार्यक्रम का कुशल संचालन रामप्यारे सैनी ने किया।
इस अवसर पर सारनाथ राजभर, श्याम देवी राय, अंजना देवी, रेखा भारती, दशमी गोंड, तूफानी, संजय यादव, रहमान अली, रईस आलम, हरिशंकर विश्वकर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।