सकलडीहा बीआरसी परिसर में उत्तर प्रदेश प्राथमिक मृतक आश्रित शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पदोन्नति, लंबित मामलों और अनुकंपा नियुक्ति की फाइलों के निस्तारण की मांग उठाई गई।
सकलडीहा। उत्तर प्रदेश प्राथमिक मृतक आश्रित शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ की जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को स्थानीय बीआरसी परिसर सकलडीहा में आयोजित की गई। बैठक के दौरान कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर खुलकर अपनी आवाज बुलंद की और प्रशासनिक उपेक्षा पर रोष व्यक्त किया।
बैठक को संबोधित करते हुए संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों और बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यालयों में कार्यरत मृतक आश्रित कोटे के शिक्षणेत्तर कर्मचारी इन दिनों कई गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। लंबे समय से कर्मचारियों की पदोन्नति, विभिन्न लंबित मामलों का निस्तारण और अनुकंपा नियुक्ति से जुड़ी फाइलें ठंडे बस्ते में पड़ी हैं, जिससे पीड़ितों को न्याय मिलने में देरी हो रही है।
कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की रणनीति बनाते हुए पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा और इन मामलों के त्वरित निस्तारण की मांग करेगा। इसके अलावा बैठक में तहसील और ब्लॉक स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत व धारदार बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक और विचार-विमर्श के दौरान संघ के जिलाध्यक्ष डीएम कुमार प्रेमी, देवेंद्र कुमार दूबे सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।