सकलडीहा। केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी 'हर घर जल' योजना के तहत हर ग्रामीण इलाके में शुद्ध पेयजल पहुंचाने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। सकलडीहा तहसील क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत बनाई जा रही पानी की टंकियों का निर्माण कार्य लंबे समय से आधा-अधूरा पड़ा है, जिससे ग्रामीणों को भीषण पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है।

बरसात में दूषित पानी पीने की मजबूरी
बरसात के दिनों में हैंडपंप और कुओं का पानी दूषित हो जाने से लोग विभिन्न संक्रामक रोगों की चपेट में आ रहे हैं, इसके बावजूद विभागीय अधिकारी पूरी तरह अनजान बने हुए हैं। शासन स्तर से हर गांव में टंकी निर्माण के लिए लाखों रुपये खर्च किए गए हैं और तहसील प्रशासन द्वारा भूमि भी चिन्हित कर दी गई है, लेकिन कार्यदायी संस्था की सुस्ती के चलते निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है।

ताजपुर, ईटवा, दुर्गापुर, गोहदा, बिशुनपुरा, सकलडीहा, नागेपुर और तेंदुई सहित दर्जनों गांवों में पानी की टंकियां अधूरी पड़ी हुई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार तहसील दिवस में अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन कार्यदायी संस्था ने काम की रफ्तार नहीं बढ़ाई।

एसडीएम ने दिया आश्वासन
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अधूरी पड़ी टंकियों का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कराया जाए ताकि उन्हें शुद्ध पेयजल मिल सके। इस संबंध में एसडीएम आकांक्षा सिंह ने बताया कि अधूरी टंकियों के निर्माण कार्य को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा, जिससे जल्द से जल्द 'हर घर जल' योजना का लाभ आम जनता तक पहुंचाया जा सके।