सकलडीहा के जमुरना गांव में मुख्य मार्ग पर जलजमाव से परेशान महिलाओं ने तहसील गेट पर किया प्रदर्शन, प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग।
सकलडीहा। स्थानीय तहसील गेट पर मंगलवार को जमुरना गांव की महिलाओं ने पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप है कि उनके गांव के मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जलजमाव और गंदे पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बताया कि सड़क पर हमेशा गंदा पानी भरा रहने के कारण आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। इस समस्या से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही है। गंदे पानी से उठने वाली दुर्गंध और मच्छरों के प्रकोप के कारण संक्रामक बीमारियां फैलने का भी खतरा मंडरा रहा है।
महिलाओं ने कहा कि बच्चों को इसी गंदे पानी से होकर रोजाना स्कूल जाना पड़ता है, जिससे हर समय किसी बड़े हादसे का डर बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से इस समस्या के स्थायी समाधान और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
इस प्रदर्शन में फूलादेवी, शकुंतला, रेखा, रेनू, सीमा, मुनी, राधिका, उर्मिला देवी, पाना देवी, सरोज, रीना, मीना देवी और पूनम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं शामिल रहीं।