सकलडीहा ब्लॉक की मधुबन ग्राम पंचायत में बनवासी बस्ती का सरकारी हैंडपंप खराब होने से पेयजल संकट गहरा गया है। महिलाओं ने प्रदर्शन कर जल्द मरम्मत की मांग की है।
सकलडीहा। ब्लॉक सकलडीहा की ग्राम पंचायत मधुबन स्थित बनवासी बस्ती में सरकारी हैंडपंप खराब होने के कारण पिछले कई दिनों से गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है। पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को रोजाना दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार घूरे बनवासी और अंतू बनवासी के घरों के समीप लगा सरकारी हैंडपंप काफी समय से खराब पड़ा है। विभाग की इस उदासीनता से त्रस्त महिलाओं ने अंततः हैंडपंप के पास एकत्र होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान निर्मला बनवासी, आशा बनवासी, ममता बनवासी, चंपा बनवासी, रामदासी बनवासी, सुभाष बनवासी, तेतर बनवासी और अस्पताली बनवासी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से अविलंब हैंडपंप की मरम्मत कराने और पेयजल व्यवस्था सुचारू करने की मांग की है। इस संबंध में जब एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय का पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।