​सकलडीहा। पवित्र शारदीय नवरात्र का पावन पर्व शुरू हो चुका है, लेकिन सकलडीहा कस्बे में साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी तरह बदहाल नजर आ रही है। क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों के आसपास फैली गंदगी और कचरे के अंबार से श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसे लेकर कस्बावासियों और भक्तों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

​कस्बे के टिमिलपुर प्राचीन दुर्गा मंदिर, तेंदुईपुर काली मंदिर और नागेपुर दुर्गा मंदिर के आसपास इन दिनों साफ-सफाई का अभाव साफ देखा जा सकता है। नवरात्र के इन नौ दिनों में दर्शन-पूजन और भजन-कीर्तन के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और अन्य श्रद्धालु इन मंदिरों में पहुंचते हैं, लेकिन मंदिर के रास्तों पर फैले कचरे और गंदगी के बीच से गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंचायत विभाग और डीपीआरओ कार्यालय की सुस्ती और अनदेखी के चलते सफाई कर्मी पूरी तरह मनमानी कर रहे हैं। पर्व के मौके पर भी विशेष साफ-सफाई अभियान न चलाए जाने से सड़कों से लेकर धार्मिक स्थलों के मार्गों तक गंदगी का साम्राज्य कायम है।

​स्थितियों से नाराज व्यापार मंडल ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मंदिरों के आसपास और बाजारों में सुबह-शाम नियमित सफाई नहीं कराई गई, तो व्यापारी मजबूरन सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
​व्यापार मंडल के अध्यक्ष केके सोनी, दिलीप गुप्ता, अभिषेक राजभर, चंदन जायसवाल और महेंद्र यादव ने प्रशासन से मांग की है कि नवरात्र के मद्देनजर तुरंत विशेष सफाई कराई जाए और जगह-जगह डस्टबिन रखवाए जाएं ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।

इस संबंध में जब एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि साफ-सफाई के लिए कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। यदि कहीं से भी लापरवाही या गंदगी की शिकायत मिलती है, तो संबंधित जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।