सकलडीहा क्षेत्र में शारदीय नवरात्र के समापन पर मंदिरों, आश्रमों और पूजा पंडालों में पूजा-अर्चना, हवन, कन्या पूजन और भंडारे का आयोजन हुआ। टिमिलपुर के अभेद आश्रम में नौ कन्याओं का पूजन किया गया, जबकि चतुर्भुजपुर और सकलडीहा कस्बे में भी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया गया।
सकलडीहा। शारदीय नवरात्र के समापन पर क्षेत्र के मंदिरों, मठों और पूजा पंडालों में पूजा-अर्चना, हवन, कन्या पूजन और भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और मां दुर्गा से सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
टिमिलपुर स्थित अभेद आश्रम में चंद्रशेखर साधु महाराज के नेतृत्व में विधि-विधान से पूजा-पाठ और हवन कराया गया। इस दौरान नौ कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया। संत चंद्रशेखर साधु महाराज ने कन्या पूजन के माध्यम से श्रद्धा, भक्ति और नारी सम्मान का संदेश दिया। पूजा-अर्चना के बाद दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
वहीं, चतुर्भुजपुर स्थित संत डगरिया सरकार के आश्रम में नौ दिवसीय अखंड भजन-कीर्तन के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। उधर, सकलडीहा कस्बे की कोतवाली गली में मूर्ति विसर्जन से पूर्व दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे तक प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान भक्तों की भीड़ जुटी रही।
धार्मिक आयोजनों के चलते क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। मंदिरों और आश्रमों में श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया और परिवार सहित क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव, ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह, भाजपा नेता अंबरीश सिंह भोला, अमित जायसवाल, आकाश मोदनवाल, अंबर जायसवाल, सुनील रस्तोगी, विनोद नागे, सत्यप्रकाश यादव पुत्तुल, नरेंद्र जायसवाल, संजय जायसवाल, विजेंद्र यादव, चाखन यादव, कमला प्रसाद, सुभाष चौहान, जीता सिंह, अनिमेष श्रीवास्तव, माला देवी, अमित कुमार, अजीत कुमार, रूबी देवी, जयप्रकाश, विपिन चौधरी, संजय सिंह, संजय कुमार, सरवन चौहान सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।