सकलडीहा पीजी कॉलेज में वर्ल्ड इन्वेस्टर अवेयरनेस वीक के तहत निवेशक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विशेषज्ञ पलक लोटिया ने 60 से अधिक विद्यार्थियों को बचत, म्यूचुअल फंड, एसआईपी और आर्थिक सुरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सकलडीहा। सकलडीहा पीजी कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग के सहयोग से एडुफिन वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार को एक दिवसीय निवेशक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 'वर्ल्ड इन्वेस्टर अवेयरनेस वीक' (5 से 11 अक्टूबर) के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में 60 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर बचत, निवेश और वित्तीय सुरक्षा के गुर सीखे।
आयोजित इस कार्यक्रम में SEBI, NISM, NSE और BSE से जुड़ी वित्तीय विशेषज्ञ पलक लोटिया ऑनलाइन माध्यम से जुड़ीं। उन्होंने विद्यार्थियों को कम उम्र से ही नियमित बचत की आदत विकसित करने और भविष्य की आर्थिक आवश्यकताओं के लिए सही वित्तीय योजना बनाने के तरीके बताए। उन्होंने चक्रवृद्धि ब्याज की ताकत, म्यूचुअल फंड, सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP), आपातकालीन फंड (Emergency Fund) और बढ़ती महंगाई के बीच बचत की क्रय शक्ति बनाए रखने के महत्व को बेहद सरल भाषा में समझाया।
विशेषज्ञ ने वित्तीय निर्णय लेते समय होने वाली आम गलतियों से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार के निवेश से पहले पूरी जानकारी हासिल करने पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी वित्तीय जिज्ञासाओं के समाधान पाए।
कार्यक्रम के दौरान अर्थशास्त्र विभाग के प्रभारी प्रो. इन्द्रदेव सिंह, कार्यक्रम संयोजक डॉ. अमन मिश्रा, डॉ. योगेंद्र तिवारी, डॉ. मीनू श्रीवास्तव, डॉ. सीता मिश्रा, डॉ. वंदना कुमारी और डॉ. रजनीश गुप्ता सहित कॉलेज के अन्य शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों व अतिथियों का आभार व्यक्त किया।