सकलडीहा। सकलडीहा स्थित पीजी कॉलेज में सोमवार को 'विश्व शिक्षक दिवस' के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संगोष्ठी आयोजित कर शिक्षा के महत्व, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और राष्ट्र निर्माण में शिक्षक समुदाय के अतुलनीय योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय ने कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक और राष्ट्र के भविष्य के असली निर्माता होते हैं। शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का साधन नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक चेतना का मूल आधार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बदलते तकनीकी परिवेश में अध्यापकों को विद्यार्थियों को आधुनिक ज्ञान देने के साथ-साथ नैतिक मूल्यों से भी जोड़ना होगा।

मुख्य वक्ता एवं समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. दयाशंकर यादव ने अपने संबोधन में कहा कि "शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की भावी पीढ़ी को दिशा देने वाला होता है।" उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और आधुनिक तकनीक ज्ञान प्राप्त करने के साधन हो सकते हैं, लेकिन छात्रों में मानवीय संवेदना, नैतिक मूल्य और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का कार्य केवल एक शिक्षक ही कर सकता है। उन्होंने 'विकसित भारत @2047' के लक्ष्य को हासिल करने में शिक्षकों की भूमिका को केंद्रीय बताया।

समारोह में डॉ. राजेश यादव ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का प्रमुख माध्यम बताया। कार्यक्रम का कुशल संचालन बीएड विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार यादव ने किया तथा अंत में डॉ. इंद्रजीत सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।