सकलडीहा थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से दो तस्करों को 18 लीटर अवैध देशी शराब (90 पाउच) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सकलडीहा। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सकलडीहा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो अभियुक्तों को भारी मात्रा में अवैध देशी शराब के साथ रंगे हाथों दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में सकलडीहा पुलिस टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के लिए चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान 10 अक्टूबर की रात करीब 11:50 बजे पुलिस टीम को भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास दो संदिग्ध व्यक्ति नजर आए। जब पुलिस ने उनकी तलाशी ली, तो उनके कब्जे से कुल 90 पाउच यानी 18 लीटर 'ब्लू लाइम' देशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने अवैध शराब को अपने कब्जे में लेते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना सकलडीहा पर मु.अ.सं. 200/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे यह शराब कहां से लाए थे और कहां खपाने जा रहे थे।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में किशन पुत्र विक्रमा राम, निवास - अम्बेडकर नगर सकलडीहा, चंदौली आयु लगभग 19 वर्ष और संजय पुत्र कामता राम, निवासी - सकलडीहा बस्ती, चंदौली आयु लगभग 35 वर्ष है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष एवं उप-निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद सिंह, उ0नि0 अभिमन्यु राय, कांस्टेबल संदीप यादव और कांस्टेबल अंकुर शुक्ला शामिल रहे।