सकलडीहा थाना पुलिस ने पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त मृत्युंजय यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सकलडीहा। स्थानीय थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने अभियुक्त को अदालत में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामला सकलडीहा थाना क्षेत्र के छित्तमपुर गांव का है। गांव निवासी देवेन्द्र कुमार यादव पुत्र नन्दलाल यादव ने 29 अगस्त को पुलिस को तहरीर दी थी कि पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही मृत्युंजय यादव (35 वर्ष) पुत्र रामवृक्ष यादव और उसके तीन अन्य साथियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नियत से उन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने 30 अगस्त को अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 115(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार अभियुक्तों की तलाश में दबिश दे रही थी। 6 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त मृत्युंजय यादव को ग्राम छित्तमपुर पाही के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए अभियुक्त का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सकलडीहा थाने में पूर्व में भी मारपीट और धमकी देने के कई मामले दर्ज हैं:
मु0अ0सं0 141/2020 - धारा 323, 504, 506 भादवि
मु0अ0सं0 133/2024 - धारा 115(2), 191(2), 351(2) बीएनएस
मु0अ0सं0 176/2026 - धारा 109(1), 115(2), 351(3) बीएनएस
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उप-निरीक्षक अजय कुमार शर्मा और कांस्टेबल आशीष कुमार शामिल है।