सकलडीहा। जनपद में अपराधियों और शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत सकलडीहा पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने नोनार तुलसी आश्रम रेलवे हाल्ट के समीप घेराबंदी कर बिहार के दो शराब तस्करों को धर दबोचा। इनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।

थानाध्यक्ष सकलडीहा भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने नोनार तुलसी आश्रम रेलवे हाल्ट के पास दबिश दी। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे दो संदिग्धों को पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से विभिन्न नामचीन ब्रांडों की कुल 12.84 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
​
पकड़े गए तस्करों की पहचान अंग्राहित सिंह (30 वर्ष) पुत्र स्व. सामा सिंह, निवासी कोचाडी (थाना राजपुर, बक्सर, बिहार) और रामसुबास चौहान (54 वर्ष) पुत्र स्व. देवधारी चौहान, निवासी नेउरा (थाना नेउरा, पटना, बिहार) के रूप में हुई।

बरामद शराब में 750 एमएल की 8 बोतल रॉयल स्टेज, 180 एमएल के 20 क्वार्टर आफ्टर डार्क ब्लू और 180 एमएल के 18 क्वार्टर मैजिक मोमेंट शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं (मु0अ0सं0 199/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम) में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
​
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक लक्ष्मीकान्त मिश्रा और हेड कॉन्स्टेबल राहुल राय शामिल रहे।