सकलडीहा कोतवाली पुलिस ने नारी सुरक्षा, सम्मान और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस टीम ने पैदल मार्च कर महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
सकलडीहा। उत्तर प्रदेश शासन की मंशा और पुलिस अधीक्षक चंदौली के दिशा-निर्देशों के क्रम में सकलडीहा कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व जागरूकता का संदेश देने के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने बाजारों और प्रमुख चौराहों पर पैदल गश्त कर लोगों से संवाद किया और उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
अभियान के तहत सकलडीहा कोतवाली पुलिस की टीम ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर कोतवाली से सगन तिराहा तक पैदल मार्च किया। मुख्य बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस अधिकारियों ने घूम-घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना रहा। पुलिस टीम ने महिलाओं को शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न है।
हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया:
1090 (वीमेन पावर लाइन) - छेड़खानी या उत्पीड़न की शिकायत के लिए।
181 (महिला हेल्पलाइन) - घरेलू हिंसा या संकट के समय मदद के लिए।
112 (आपातकालीन सेवा) - किसी भी तत्काल संकट और पुलिस सहायता के लिए।
1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) - जनशिकायतों के समाधान के लिए।
पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुविधा या छेड़खानी की स्थिति में बिना डरे तुरंत सूचना दें, शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
नारी सुरक्षा के साथ-साथ सड़क सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस ने वाहन चालकों को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने की सख्त हिदायत दी। साथ ही, यातायात के नियमों का पूर्ण पालन करने की अपील की गई ताकि सड़क हादसों से बचा जा सके।
इस जागरूकता अभियान के दौरान एंटी रोमियो स्क्वाड सहित सकलडीहा कोतवाली के अन्य पुलिस अधिकारी और जवान मुस्तैदी के साथ मौजूद रहे।