मिशन शक्ति फेज-5 के तहत सकलडीहा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में गुमशुदा 16 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। किशोरी बिना बताए सहेली की बर्थडे पार्टी में गई थी।
सकलडीहा। उत्तर प्रदेश सरकार के चलाए जा रहे ‘
मिशन शक्ति फेज-5’ अभियान के तहत सकलडीहा थाना पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता की एक बेहतरीन मिसाल पेश की है। पुलिस ने घर से लापता हुई 16 वर्षीय किशोरी को मात्र कुछ ही घंटों के भीतर सकुशल ढूंढ निकाला और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे उसके परिजनों को सौंप दिया।
बीते 10 अक्टूबर की शाम नागेपुर गांव निवासी पप्पू पुत्र लाठीबाज ने सकलडीहा थाने में प्रार्थना पत्र देकर अपनी बेटी के गुमशुदा होने की सूचना दी थी। पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री सकलडीहा पोखरा के पास स्थित दुर्गा मंदिर में पूजा-पाठ करने के लिए गई हुई थी, लेकिन काफी देर बीत जाने के बाद भी वह घर वापस नहीं लौटी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना सकलडीहा की 'मिशन शक्ति' टीम तत्काल हरकत में आई। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए संभावित ठिकानों और इलाकों में सघन खोजबीन शुरू की। पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई रंग लाई और कुछ ही घंटों के भीतर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह बिना किसी को बताए अपनी सहेली के यहाँ बर्थडे पार्टी में चली गई थी। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि किशोरी के साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय या अनहोनी घटना नहीं हुई है।
अपनी बेटी को सकुशल पाकर माता-पिता और अन्य परिजनों की जान में जान आई। उन्होंने सकलडीहा पुलिस और मिशन शक्ति टीम की कार्यशैली की सराहना करते हुए उनका तहदिल से आभार व्यक्त किया है।