सकलडीहा। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार आगामी 1 नवंबर 2026 को जनपद में आयोजित होने वाले मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के तैयारी सिलसिले में मंगलवार को विकास खंड सकलडीहा में एक प्री-मेगा कैंप का आयोजन किया गया।
इस कैंप की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली की पूर्णकालिक सचिव श्रीमती निकिता गौड़ ने की। कार्यक्रम के दौरान तहसीलदार अनुराग सिंह, खंड विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह, सहायक अभियंता रामअवतार यादव, एडीओ समाज कल्याण जगदीश यादव और उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी शैलेंद्र श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
10गोदभराई और नन्हीं बालिका का सम्मान
निरीक्षण के दौरान सचिव महोदया ने विभिन्न विभागों के स्टालों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई रस्म में शामिल होकर उन्हें फल भेंट किए और स्वस्थ मातृत्व की शुभकामनाएं दीं। वहीं, कार्यक्रम में मौजूद 8 वर्षीय बालिका अनन्या द्वारा मिशन शक्ति और महिला जागरूकता पर अपनी बात रखने पर सचिव ने उसे पुरस्कृत कर उसका उत्साहवर्धन किया।

शिविर के अंत में सचिव महोदया ने लोगों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करते हुए 8 लोगों को मुख्यमंत्री आवास योजना का प्रमाण पत्र सौंपा गया।