सकलडीहा। शारदीय नवरात्र के अवसर पर सकलडीहा कस्बे में मां दुर्गा की भक्ति का माहौल देखने को मिला। रविवार को राजशाही मार्केट और आजाद मार्केट के पूजा पंडालों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाओं के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। इस दौरान जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।

सकलडीहा कोतवाली गली स्थित राजशाही मार्केट में दुर्गा पूजा सेवा समिति की ओर से कई वर्षों से मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाती है। इस वर्ष भी सप्तमी के दिन विधि-विधान से प्रतिमा स्थापित की गई। हाइड्रोलिक व्यवस्था पर स्थापित मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमा और उनके भव्य स्वरूप को देखने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचे। माता के दर्शन के लिए देर रात तक भक्तों की आवाजाही बनी रही।
Mahagauri
पूजा समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पूरी रात प्रसाद वितरण का कार्यक्रम चलाया गया। समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सेवा कार्य में जुटे रहे। वहीं, आजाद मार्केट के पूजा पंडाल में भी श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही पुलिस

पूजा पंडालों में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा और कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र निषाद महिला पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। इसके अलावा कस्बा प्रभारी राजेंद्र सिंह, अभिमन्यु राय, गोपाल तिवारी, लक्ष्मीकांत मिश्रा, विजय शंकर और अजय शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी तैनात रहे। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनाए रखने में भूमिका निभाई।