सकलडीहा। समाजवादी पार्टी के विधानसभा कैंप कार्यालय पर शुक्रवार को बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि श्रद्धा और आदर के साथ मनाई गई। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं व नेताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके विचारों, सिद्धांतों और जीवन संघर्षों पर विस्तृत चर्चा की।

​सामाजिक न्याय और समानता के लिए आजीवन किया संघर्ष
​सपा नेताओं ने कांशीराम के योगदान को याद करते हुए कहा कि वे शोषित, वंचित, पिछड़े और गरीबों के सच्चे मसीहा थे। उन्होंने समाज के दबे-कुचले वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उन्हें राजनीतिक व सामाजिक पहचान दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका पूरा जीवन सामाजिक न्याय की स्थापना और सर्व समाज के कल्याण के लिए समर्पित रहा, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
श्रद्धांजलि सभा में ​विधानसभा अध्यक्ष सुभाष यादव, प्रभात यादव, संदीप यादव सिंटू, सुरेन्द्र यादव, सत्यप्रकाश यादव पुत्तुल, शशीकांत भारती, भोला यादव, अखिलेश यादव, केशव राजभर, धनंजय, कमलेश प्रधान, यशवंत यादव, दिनेश यादव सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बरठी गांव में भी दी गई श्रद्धांजलि
​इसके अलावा बरठी गांव में देर शाम वरिष्ठ समाजसेवी अरूण रत्नाकर के नेतृत्व में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जहां ग्रामीणों व समाजसेवियों ने मान्यवर कांशीराम को नमन किया। इस अवसर पर सोनू पटेल, निरंजन बौद्ध, सोनू, गिरजेश दादा, निठोहर सत्यार्थी, भाईराम, उपेन्द्र, संतोष यादव सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।