सकलडीहा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शारदीय नवरात्र में शनिवार को सकलडीहा विकास खंड परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान गाजे-बाजे और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 45 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। समारोह में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को सुखमय वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।

सामूहिक विवाह समारोह के लिए ब्लॉक परिसर में कुल 11 विवाह मंडप बनाए गए थे। इनमें 10 मंडपों में चार-चार जोड़ों और एक मंडप में पांच जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। अलग-अलग मंडपों में मौजूद पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह की रस्में पूरी कराईं। सुबह से ही परिसर में उत्सव का माहौल रहा। गाजे-बाजे की धुन पर महिलाओं ने नृत्य कर खुशियां मनाईं।

नवदंपतियों पर पुष्पवर्षा कर दिया आशीर्वाद
समारोह में पहुंचे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पात्र जोड़ों को आर्थिक सहायता और उपहार भी प्रदान किए गए।
योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के खाते में 64 हजार रुपये की राशि, 21 हजार रुपये के उपहार दिए जाने तथा विवाह आयोजन पर प्रति जोड़ा 15 हजार रुपये खर्च किए जाने की जानकारी दी गई।

पांच वर्षों में 400 से अधिक शादियां
ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए काफी मददगार साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से सकलडीहा विकास खंड में पिछले पांच वर्षों के दौरान करीब 400 से अधिक शादियां कराई जा चुकी हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों की शादी में बड़ी सहूलियत मिली है।

इस दौरान बीडीओ विजय कुमार सिंह और एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय ने ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह के साथ नवदंपतियों को विवाह प्रमाण पत्र वितरित किए।

समारोह में विजय शंकर, अमित सिंह, अश्वनी श्रीवास्तव, गुलाब मौर्या, विवेक सिंह, अशोक कुमार, सुब्बन सिंह, दुर्गा पांडेय, सचिव पवन दूबे, राम सिंह, संदीप गौतम, रजनीश यादव, अमित, संजय यादव, शशिकांत, प्रिया मौर्या, विद्या देवी, धनंजय पांडेय, आकाश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।