शारदीय नवरात्र के पहले दिन सकलडीहा के प्राचीन दुर्गा मंदिर में मां शैलपुत्री की आकर्षक झांकी के पट खुलते ही जयकारे गूंज उठे। दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और मंदिरों में देर रात तक अनुष्ठान चले।
सकलडीहा। शारदीय नवरात्र के पावन पर्व के पहले दिन रविवार को सकलडीहा कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। सकलडीहा कस्बे के प्राचीन दुर्गा मंदिर में मां दुर्गा के पहले स्वरूप मां शैलपुत्री की बेहद आकर्षक और भव्य झांकी सजाई गई। शाम को ठीक 6 बजे जैसे ही मंदिर के पट खुले, पूरा परिसर माता रानी के जयकारों से गूंज उठा और भक्तों ने भावुक होकर मां के इस अलौकिक स्वरूप का दर्शन-पूजन किया।
कस्बे के दुर्गा मंदिर में दुर्गा पूजा सेवा समिति की ओर से परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी नवरात्र के अवसर पर मां के नौ रूपों की झांकी सजाई गई है। पट खुलने से काफी पहले से ही महिलाएं, युवा और बुजुर्ग श्रद्धालु कतारबद्ध होकर हाथों में पूजा की थाली लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।
केवल सकलडीहा ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के टिमिलपुर, नागेपुर, तेंदुईपुर और विभिन्न काली माता मंदिरों में भी विशेष सजावट की गई थी। चतुर्भुजपुर स्थित डगरिया सरकार आश्रम, नागेपुर दुर्गा मंदिर और प्रसिद्ध काली मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इसके अलावा कुचमन में भी दुर्गा पूजा समिति द्वारा विधि-विधान से कलश स्थापना की गई।
नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में उमड़े उत्साह के बीच देर रात तक नौ दिवसीय अखंड भजन-कीर्तन और माता के भजनों का दौर चलता रहा, जिसका श्रद्धालुओं ने जमकर आनंद लिया। इस दौरान मंदिर के पुजारी रामजनम चौबे, दिलीप मिश्रा और आशीष मिश्रा ने बताया कि सच्चे मन से माता रानी के दर्शन और आराधना मात्र से भक्तों के सारे कष्ट दूर हो जाते हैं।