सकलडीहा। आश्रय की उम्मीद में एक बेजुबान गोवंश प्रशासक के दरवाजे पर ही आकर बैठ गया, मानो वह अपने संरक्षण और इलाज के लिए गुहार लगा रहा हो। यह कारुणिक नजारा सोमवार सुबह करीब 8 बजे सकलडीहा ग्राम सभा में देखने को मिला, जहां एक घायल और असहाय गोवंश वर्तमान प्रशासक के दरवाजे पर बैठा पाया गया। इस दृश्य ने स्थानीय प्रशासन द्वारा किए जा रहे गौ-संरक्षण के तमाम दावों की हकीकत बयां कर दी है।

​प्रदेश सरकार द्वारा निराश्रित गोवंशों के संरक्षण, भरण-पोषण और स्वास्थ्य देखभाल को लेकर किए जा रहे लाखों के दावे धरातल पर निष्प्रभावी साबित हो रहे हैं। यह स्थिति तब है जब सरकार ने गौशालाओं के निर्माण के साथ-साथ मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (CVO) सहित कई जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती कर रखी है।

सकलडीहा मुख्य मार्ग और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बड़ी संख्या में निराश्रित गोवंश सड़कों पर भटकते देखे जा सकते हैं। इनमें से कई मवेशी गंभीर रूप से घायल और बीमार हैं। सड़कों पर घूम रहे इन आवारा पशुओं के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, वहीं ये बेजुबान भूख-प्यास और उचित इलाज के अभाव में तड़पने को मजबूर हैं।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि कागजों पर तो सारी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद दिखाई जाती हैं। आवारा मवेशियों को पकड़कर गौशाला भेजने के लिए बजट, नोडल अधिकारियों की नियुक्ति और घायल पशुओं के इलाज के लिए डॉक्टरों की टीम तैनात की गई है, लेकिन सकलडीहा में इन नियमों और निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर घूम रहे सभी निराश्रित गोवंशों को तत्काल रेस्क्यू कर गौशाला भिजवाया जाए और घायल पशुओं के समुचित इलाज की व्यवस्था की जाए।

​इस संबंध में जब पशु चिकित्सा अधिकारी से वार्ता की गई तो उन्होंने मामले का संज्ञान लेते हुए पीड़ित गोवंश के उपचार हेतु तत्काल चिकित्सा टीम भेजने का आश्वासन दिया है।