सकलडीहा, चहनिया और धानापुर ब्लॉक में शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव की तैयारियां पूरी हो गई हैं। कुल 13,109 मतदाता मतदान करेंगे। सुरक्षा के लिए बैरियर लगाए गए हैं और मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी से निगरानी की व्यवस्था की गई है।
सकलडीहा। सकलडीहा तहसील क्षेत्र के सकलडीहा, चहनिया और धानापुर विकासखंडों में शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी रहीं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दोनों श्रेणियों के मतदाताओं के लिए अलग-अलग बूथ बनाए गए हैं, जहां सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा।
इस चुनाव में तीनों विकासखंडों के कुल 11,814 स्नातक और 1,295 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनके मतों से 24 स्नातक एमएलसी और 10 शिक्षक एमएलसी प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला होगा।
तीनों ब्लॉकों में मतदाताओं की स्थिति
सकलडीहा ब्लॉक: 3,713 स्नातक और 409 शिक्षक मतदाता।
चहनिया ब्लॉक: 4,033 स्नातक और 500 शिक्षक मतदाता।
धानापुर ब्लॉक: 4,068 स्नातक और 386 शिक्षक मतदाता।
सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम
चुनाव को लेकर प्रशासन ने मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। मतदान स्थलों के 200 मीटर के दायरे में लगाए गए पोस्टर और बैनर हटवा दिए गए हैं। इसके साथ ही आवश्यक स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं। पोलिंग पार्टियों ने बूथों पर पहुंचकर मतदान संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जरूरी तैयारियां पूरी कीं।
चुनाव अधिकारी विनोद यादव ने बताया कि मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी। इसके लिए अलग-अलग बूथों पर अधिकारियों की तैनाती की गई है।
इस दौरान बीडीओ विजय सिंह, एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय, पोलिंग अधिकारी श्रवण सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।