सकलडीहा और टिमिलपुर में स्वच्छता अभियान की पोल खुल रही है, महीनों से बंद पड़े सामुदायिक शौचालय से ग्रामीणों में आक्रोश।
सकलडीहा। एक तरफ सरकार स्वच्छता अभियान के नाम पर पानी की तरह पैसा बहा रही है, वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक लापरवाही के कारण योजनाएं कागजों तक सिमट कर रह गई हैं। सकलडीहा और टिमिलपुर ग्राम सभा में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उदासीनता के चलते ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
सकलडीहा एक प्रमुख केंद्र है जहां तहसील, ब्लॉक, कोतवाली, सीएचसी, विधानसभा कार्यालय और दर्जनों शिक्षण संस्थान संचालित होते हैं, इसके बावजूद यहां स्वच्छता के नाम पर अनदेखी की जा रही है। नागेपुर और टिमिलपुर दोनों गांवों में सामुदायिक शौचालय बनाए गए हैं, लेकिन टिमिलपुर का शौचालय पिछले कई महीनों से ताले में बंद है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसकी शिकायत कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सुधि नहीं ली गई।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की महत्वपूर्ण योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यह शौचालय चालू हो सके और आमजन व राहगीरों को इसका लाभ मिल सके।
इस संबंध में एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय ने बताया कि गांव की साफ-सफाई और सामुदायिक शौचालय का संचालन सुचारू रखना संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी है। बंद पड़े शौचालय को तत्काल प्रभाव से शुरू कराने के निर्देश दे दिए गए हैं, और यदि इसमें लापरवाही पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।