सकलडीहा। शक्ति उपासना के महापर्व शारदीय नवरात्र के दौरान भी सकलडीहा त्रिमुहानी पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। प्रमुख मार्ग पर फैली गंदगी के बीच से होकर लोगों को आवागमन करना पड़ रहा है। सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापार मंडल ने पंचायत विभाग पर साफ-सफाई को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्णा सोनी सेठ ने कहा कि नवरात्र जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व पर भी सकलडीहा त्रिमुहानी सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं है। जगह-जगह गंदगी का ढेर लगा हुआ है, लेकिन पंचायत विभाग की ओर से इस समस्या को दूर करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि नवरात्र के नौ दिनों तक श्रद्धालु पूजा-अर्चना और मां दुर्गा की आराधना में जुटे रहते हैं। ऐसे समय में प्रमुख स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखना बेहद जरूरी है। इसके बावजूद सफाई व्यवस्था की अनदेखी की जा रही है, जिससे लोगों में आक्रोश है।

छुट्टा पशुओं से दुर्घटनाओं का खतरा
व्यापार मंडल अध्यक्ष ने सकलडीहा के मुख्य मार्ग पर छुट्टा पशुओं की समस्या भी उठाई। उन्होंने कहा कि सड़क पर घूमने वाले छुट्टा पशुओं के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों का इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है। गंदगी और छुट्टा पशुओं की समस्या से आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि मामले का संज्ञान लेकर सफाई व्यवस्था में सुधार कराया जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही, मुख्य मार्ग से छुट्टा पशुओं को हटाने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।