कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने सकलडीहा को जल्द नगर पंचायत का दर्जा दिलाने और बंद पड़े रामलीला-रावण दहन कार्यक्रम को दोबारा शुरू कराने का आश्वासन दिया है।
सकलडीहा। शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर अपने गृह नगर सकलडीहा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न दुर्गा मंदिरों और पूजा पंडालों में पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। दौरे के दौरान व्यापारियों और युवाओं से बातचीत में उन्होंने सकलडीहा को जल्द ही नगर पंचायत का दर्जा दिलाए जाने का आश्वासन दिया। साथ ही, क्षेत्र में बंद पड़े रामलीला और रावण दहन के पारंपरिक कार्यक्रमों को दोबारा शुरू कराने की बात कही।
कैबिनेट मंत्री के आगमन की सूचना से दुर्गा पूजा सेवा समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया। मंत्री ने तेंदुईपुर स्थित काली माता मंदिर और टिमिलपुर स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में माथा टेका। इस दौरान उन्होंने मंदिर के घाटों के सुंदरीकरण की तारीफ की, लेकिन सरोवर में फैली गंदगी पर नाराजगी भी जताई।
धार्मिक कार्यक्रमों और प्रशासनिक लापरवाही पर सख्त रुख
दौरे के अगले चरण में मंत्री कोतवाली गली स्थित राजशाही मार्केट और आजाद मार्केट के पूजा पंडालों में पहुंचे। कस्बावासियों की मांग पर उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी चुनाव के दौरान सकलडीहा को नगर पंचायत का दर्जा दिलाकर चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इसके बाद उन्होंने पदुनाथपुर और कुछमन के पंडालों में भी दर्शन किए।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने भरोसा दिलाया कि धार्मिक कार्यों में व्यवधान पैदा करने वालों और प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। समिति के लोगों को रामलीला और रावण दहन कार्यक्रम फिर से शुरू करने के लिए हरसंभव प्रशासनिक और व्यक्तिगत मदद का आश्वासन भी दिया। इस मौके पर विकास प्राधिकरण के मानक सदस्य अंबरीश सिंह भोला सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।