सकलडीहा निवासी समाजसेवी टुन्नू खां के 22 वर्षीय पुत्र नौशाद की ग्रेटर नोएडा में ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सकलडीहा। कस्बे के प्रमुख समाजसेवी तौफीक उर्फ टुन्नू खां के 22 वर्षीय पुत्र नौशाद की ग्रेटर नोएडा में हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में असमय मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जब नौशाद का शव सकलडीहा स्थित उसके पैतृक घर पहुंचा, तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
कंपनी से कमरे पर लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौशाद ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र में स्थित ट्रैक्टर बनाने वाली एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत था। गुरुवार की देर रात करीब 10:30 बजे वह ड्यूटी खत्म कर अपने दोस्त के साथ पैदल कमरे की ओर लौट रहा था। इसी दौरान कंपनी के मुख्य गेट के पास एक ट्रक चालक ने वाहन को तेजी से बैक करते हुए नौशाद को कुचल दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था मृतक
मृतक नौशाद अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा और घर का चहेता था। उसकी अचानक मौत से माता-पिता और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाकों से लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे।
अंतिम संस्कार के दौरान सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव, व्यापार मंडल अध्यक्ष के.के. सोनी समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर मृतक के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।