सकलडीहा। सकलडीहा थाना गली में बुधवार सुबह आवारा बछड़े के हमले में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान लवकुश जायसवाल के रूप में हुई है। हमले में उनकी पसली, कूल्हे और हाथ में गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, थाना गली निवासी लवकुश जायसवाल बुधवार सुबह अपने दैनिक कार्य से घर से निकले थे। इसी दौरान गली में घूम रहे एक आवारा बछड़े ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले से वह जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से चोटिल हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। बुजुर्ग की हालत को देखते हुए परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर गए।

आवारा गोवंशों को लेकर लोगों में आक्रोश
कस्बे में आवारा गोवंशों की बढ़ती समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। दो दिन पूर्व भी ग्रामीणों ने आवारा पशुओं को गौशाला भेजने की मांग उठाई थी। इसके बावजूद बुजुर्ग पर हमले की घटना सामने आने से लोगों में दहशत है। स्थानीय लोगों ने आवारा गोवंशों से निजात दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से ठोस कदम उठाने की मांग की है।