सदर ब्लॉक में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत जनकल्याणकारी मेला आयोजित। ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह ने दिव्यांगों को ट्राई साइकिल बांटी, स्टॉलों का निरीक्षण किया और जन-जन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
चंदौली। 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत सोमवार को सदर ब्लाक परिसर में एक भव्य जन-कल्याणकारी मेले का आयोजन किया गया। ब्लाक प्रमुख सदर संजय सिंह की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों और लाभार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी।
मेले का मुख्य आकर्षण सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई विशेष प्रदर्शनी रही, जिसमें केंद्र व राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख संजय सिंह ने परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर अन्नप्राशन और गोद भराई की रस्म भी पूरी कराई।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी की सराहना करते हुए ब्लॉक प्रमुख ने कहाकि "इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण अंचल के लोगों और जरूरतमंदों को अपने अधिकारों और सरकारी सुविधाओं की सही जानकारी मिलती है, जिससे वे सशक्त बनते हैं।"
कहा कि सरकार हर वर्ग के सर्वांगीण विकास और उत्थान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। 'सेवा संकल्प अभियान' का मूल उद्देश्य ही यही है कि अंतिम पंक्ति में खड़े हर पात्र व्यक्ति को बिना किसी परेशानी के उसका अधिकार और हक मिले।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र दिव्यांग लाभार्थियों को ब्लाक प्रमुख द्वारा ट्राई साइकिल प्रदान की गई। मदद और सम्मान पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।