सकलडीहा। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को सकलडीहा पीजी कॉलेज के महाविद्यालय सभागार में “सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज-2026” का सफल आयोजन किया गया। अर्थशास्त्र विभाग द्वारा संस्थान नवाचार परिषद (IIC) के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने नवाचारी विचारों (Innovative Ideas) का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में कुल पांच टीमों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अपशिष्ट प्रबंधन (Waste Management) विषय पर अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करने वाली आरती कुमारी और अभय कुमार की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, सतत कृषि में मृदा स्वास्थ्य विषय पर अंकिता कुमारी व मुस्कान की टीम दूसरे तथा किसानों की आय बढ़ाने से जुड़े मॉडल पर अंशिका यादव व पायल की टीम तीसरे स्थान पर रही। इसके अतिरिक्त तुषालक्ष्मी पांडेय, खुशी खखर, करिश्मा, नाजिया, पल्लवी, राज, कौशिक, और खुशबू सहित कई अन्य विद्यार्थियों ने भी अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान अर्थशास्त्र विभाग के प्रभारी प्रो. इन्द्रदेव सिंह ने छात्रों को नवाचार और स्टार्ट-अप की दुनिया में कदम बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नवाचारी सोच, अनवरत परिश्रम और सामाजिक उत्तरदायित्व ही आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की असली कुंजी है।

कार्यक्रम का सफल संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. योगेन्द्र तिवारी ने किया। आयोजन का संयोजन डॉ. मीनू श्रीवास्तव एवं डॉ. अमन मिश्र द्वारा किया गया, जबकि डॉ. श्यामलाल सिंह यादव ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। इस मौके पर डॉ. सीता मिश्रा, डॉ. वंदना कुमारी, डॉ. अनामिका सिंह समेत कॉलेज के कई प्राध्यापक व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।