शहाबगंज के गोविंदीपुर राजवाहा के पास छलका के पास एक बुजुर्ग महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की शिनाख्त पालपुर गांव की रहने वाली एक मंदबुद्धि महिला के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
चंदौली। शहाबगंज स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोविंदीपुर राजवाहा से पड़रिया गांव जाने वाले मार्ग पर स्थित छलका के पास एक बुजुर्ग महिला का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह-सवेरे शव मिलने की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही शहाबगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को राजवाहा से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
शुरुआती दौर में महिला की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन कुछ देर बाद पुलिस ने शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी करते हुए बताया कि मृतका पालपुर गांव की रहने वाली एक मंदबुद्धि महिला थीं। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि महिला का शव राजवाहा में पानी के तेज बहाव के साथ बहकर छलका के पास आकर फंस गया होगा।
इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि गोविंदीपुर राजवाहा के छलका के पास एक बुजुर्ग महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। मृतका की पहचान पालपुर गांव की निवासी के रूप में हो चुकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में और कैसे हुई, इसका वास्तविक कारण अभी सामने नहीं आ सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।